कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिल्ली में सम्मानित हुईं अल्मोड़ा की प्रीति पंत
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 19 अक्टूबर 2026 | 10:56 AM10

अल्मोड़ा, विकासखंड ताड़ीखेत के ग्राम वलना की प्रगतिशील महिला कृषक प्रीति पंत को कृषि क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों और उल्लेखनीय योगदान के लिए दिल्ली में सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदान किया गया। उत्तराखंड से एकमात्र महिला कृषक के रूप में उनका चयन हुआ।
प्रीति पंत लगभग 20 वर्षों से खेती कर रही हैं। शुरुआत में परंपरागत तरीकों से खेती करने के कारण उन्हें अधिक लाभ नहीं मिल पा रहा था। लगभग 10-12 वर्ष पूर्व कृषि विभाग के संपर्क में आने के बाद उन्होंने आत्मा योजना के तहत विभिन्न प्रशिक्षणों और भ्रमण कार्यक्रमों में भाग लिया। इन प्रशिक्षणों से प्राप्त वैज्ञानिक जानकारी और उन्नत तकनीकों को अपनाने के बाद उन्होंने अपनी कृषि गतिविधियों को अधिक लाभकारी बनाया।
कृषि विभाग ने उन्हें विभिन्न फसलों के उन्नत बीज और फसल सुरक्षा संबंधी सहायता प्रदान की। साथ ही, फार्म मशीनरी बैंक के माध्यम से पावर वीडर, चैफ कटर, ब्रश कटर और चक्की जैसे यंत्रों की सुविधा भी उपलब्ध कराई, जिससे उनके कृषि कार्य अधिक सुगम और प्रभावी हुए। इन संसाधनों और आधुनिक तकनीकों का उपयोग करके प्रीति पंत ने न केवल अपनी आय बढ़ाई है, बल्कि अन्य किसानों को भी उन्नत खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
वे मडुवा, गेहूं, भट्ट, मसूर, मक्का और उड़द जैसी फसलों के साथ-साथ सब्जियों और मसालों की खेती भी करती हैं। खेती के प्रति उनकी गहरी रुचि, जागरूकता और उपलब्धियों को देखते हुए कृषि विभाग ने उनका नाम और सफलता की कहानी भारत सरकार को भेजी थी, जिसके आधार पर उनका चयन इस सम्मान के लिए किया गया।
यह सम्मान जनपद और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उनकी यह उपलब्धि अन्य महिला किसानों को वैज्ञानिक खेती अपनाने, कृषि में नवाचार करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रोत्साहित करेगी।
संबंधित ख़बरें

विधानसभा सत्र और त्योहारों को लेकर अल्मोड़ा पुलिस हाई अलर्ट, सघन चेकिंग अभियान जारी
26 अक्टूबर 2026 | 01:11 AM

दीपावली से पहले अल्मोड़ा पुलिस का फायर सेफ्टी अलर्ट, हाइड्रेंटों की जांच
24 अक्टूबर 2026 | 06:13 PM

बिना सत्यापन मजदूर रखने पर ठेकेदार पर ₹5,000 का जुर्माना, अल्मोड़ा पुलिस का अभियान जारी
24 अक्टूबर 2026 | 06:11 PM

विकास योजनाओं की समीक्षा: प्रभारी सचिव ने क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर दिया जोर
24 अक्टूबर 2026 | 06:10 PM