पिथौरागढ़

कमजोर नेटवर्क की समस्या पर डीएम सख्त, सेवा प्रदाता कंपनियों को लगाई कड़ी फटकार

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 15 सितंबर 2026 | 06:58 PM48

कमजोर नेटवर्क की समस्या पर डीएम सख्त, सेवा प्रदाता कंपनियों को लगाई कड़ी फटकार

पिथौरागढ़, 15 सितंबर 2026 (सूवि)।

जिला टेलीकॉम समिति की बैठक में नेटवर्क सुधार के लिए जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

जिलाधिकारी बोले— जनता कंपनियों को संचार सुविधा का भुगतान कर रही है, तो गुणवत्तापरक संचार सेवाएं उपलब्ध कराना कंपनियों का दायित्व

लोगों को बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराना सेवा प्रदाता कंपनियों की जिम्मेदारी है और इसके लिए कंपनियां नेटवर्क व्यवस्था में सुधार करें। यह बात जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिला टेलीकॉम समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।

मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला टेलीकॉम समिति की बैठक में जनपद की नेटवर्क समस्या को लेकर जिलाधिकारी काफी नाराज दिखाई दिए। उन्होंने कड़े लहजे में बीएसएनएल के उपखंड अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर जनपद की नेटवर्क व्यवस्था में सुधार किया जाए।

जनपद के लोगों को गुणवत्तापरक संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें, इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा जिला टेलीकॉम समिति की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जा रही हैं।

आपदा के समय बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी बेहद जरूरी

जिलाधिकारी ने कहा कि कमजोर नेटवर्क के कारण आपदा जैसी परिस्थितियों में संचार सुविधा उपलब्ध न होने से विभिन्न अत्यावश्यक कार्य प्रभावित होने की संभावना रहती है। आपदा की स्थिति में अच्छी नेटवर्क कनेक्टिविटी होना बेहद जरूरी है। इसलिए संबंधित विभाग इस दिशा में गंभीरता से कार्य करें।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभागीय अधिकारी जनपद के लोगों को अच्छी संचार सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य नहीं करेंगे तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल और वीआई को नेटवर्क सुधारने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बीएसएनएल, जिओ, एयरटेल, वीआई समेत अन्य सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ दो देशों के साथ सीमा साझा करता है। इस दृष्टि से जनपद सामरिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि नेटवर्क संचार में व्यवधान होने के कारण कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सभी कंपनियां अपने-अपने नेटवर्क की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए लोगों को मानकों के अनुरूप बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध कराएं।

95 में से 62 बीएसएनएल टावर स्थापित

बैठक में जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के माध्यम से जनपद में लगाए जा रहे टावरों की भी समीक्षा की। उपखंड अधिकारी बीएसएनएल आशीष कुमार ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 95 टावर लगाने का कार्य किया जा रहा है। इनमें से 62 टावर स्थापित किए जा चुके हैं और उनसे संचार सेवाएं भी शुरू की जा चुकी हैं।

जिलाधिकारी ने शेष टावरों को जल्द से जल्द स्थापित कर उनमें संचार सेवाएं शुरू करने के निर्देश दिए।

गूंजी हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन के लिए बनेगा विशेष नेटवर्क प्लान

आगामी माह गूंजी में प्रस्तावित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन को लेकर भी जिलाधिकारी ने बीएसएनएल के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन के लिए सभी सेवा प्रदाता कंपनियों से समन्वय स्थापित करते हुए नेटवर्क व्यवस्था का विशेष प्लान तैयार किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आदि कैलाश और कैलाश मानसरोवर यात्रा जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों के कारण इन क्षेत्रों में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था का स्थायी और दीर्घकालिक प्लान बनाया जाना आवश्यक है, ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी बेहतर संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

वाइब्रेंट विलेज में भी बेहतर हों संचार सुविधाएं

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी वाइब्रेंट विलेज योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। योजना के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए वाइब्रेंट विलेज क्षेत्रों में भी संचार सुविधाओं को बेहतर करना आवश्यक है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिनेश वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

स्रोत: जिला सूचना अधिकारी, पिथौरागढ़

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें